वीर शहीद पीटर टोप्पो का 36वां शहादत दिवस मनाया गया
गुमला/ चैनपुर :चैनपुर प्रखंड मुख्यालय के चर्च मोड़ स्थित वीर शहीद पीटर टोप्पो की प्रतिमा पर रविवार को सीआरपीएफ के पदाधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और परिजनों ने माल्यार्पण कर उनका 36वां शहादत दिवस भावपूर्ण तरीके से मनाया। इस अवसर पर शहीद के परिवार के सदस्यों ने भी बारी-बारी से प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।सीआरपीएफ 158 बटालियन लोहरदगा के इंस्पेक्टर राम नरेश ने शहीद पीटर टोप्पो के अदम्य साहस और बलिदान को याद करते हुए कहा, कि वे एक सच्चे देशभक्त थे जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना देश की सेवा की।हवलदार पीटर टोप्पो सीआरपीएफ बटालियन, पंजाब में तैनात थे। 29 जून 1989 को आतंकवादियों द्वारा की गई गोलीबारी में देश सेवा के कर्तव्य का पालन करते हुए वे वीरगति को प्राप्त हुए थे। उनकी शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। शहीद के सम्मान में, सीआरपीएफ 158 बटालियन, लोहरदगा ने उनके पुत्र अंजलुस टोप्पो और पुत्री दिव्या टोप्पो को अंगवस्त्र, कैंटीन कार्ड और मेडिकल सुविधा प्रदान कर सम्मानित किया। इस पहल से शहीद के परिवार को काफी मदद मिलेगी और उनकी यादें हमेशा जीवित रहेंगी। इस कार्यक्रम में चैनपुर थाना प्रभारी कुंदन चौधरी, जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा, चैनपुर मुखिया शोभा देवी सहित सीआरपीएफ के जवान और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ने शहीद की याद में भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।….







