रांची
सेंटर फॉर एनवायरनमेंट एंड एनर्जी डेवलपमेंट (CEED) द्वारा आयोजित ‘एकम डायलॉग्स: संवाद से निर्माण’ कार्यक्रम का शुभारंभ रांची में हुआ। दो दिवसीय इस आयोजन का उद्देश्य पूर्वी और मध्य भारत में समावेशी एवं सतत विकास को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार और ओडिशा सहित विभिन्न राज्यों से सरकारी अधिकारी, सामाजिक उद्यमी, विशेषज्ञ, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और ग्रासरूट स्तर के चेंजमेकर्स शामिल हुए। पहले दिन संवाद सत्रों के साथ-साथ ‘एकम सम्मान’ के तहत 27 चेंजमेकर्स को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
सीड के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर रमापति कुमार ने कहा कि यह पहल क्षेत्रीय विकास और रेसिलिएंस को मजबूत करने के लिए संवाद और सहयोग का एक प्रभावी मंच है। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य सामाजिक और पर्यावरणीय चुनौतियों का समाधान निकालते हुए दीर्घकालिक विकास सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में मौजूद विशेषज्ञों ने जलवायु अनुकूलन, सामुदायिक भागीदारी और स्थानीय नवाचार को सतत विकास का आधार बताया। झारखंड सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य वक्ताओं ने कहा कि सामूहिक प्रयास और स्थानीय ज्ञान से ही पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक सशक्तिकरण संभव है।
इस आयोजन में 300 से अधिक प्रतिनिधि, 70 से ज्यादा विशेषज्ञ और वक्ता 11 तकनीकी सत्रों में भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में पद्मश्री से सम्मानित 11 हस्तियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
‘एकम सम्मान’ के तहत सम्मानित चेंजमेकर्स ने जल संरक्षण, वन संरक्षण, कृषि, पारंपरिक ज्ञान, वेस्ट मैनेजमेंट और सामाजिक नवाचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
कार्यक्रम के दूसरे दिन विभिन्न संवाद श्रृंखलाएं आयोजित होंगी, जिनमें जलवायु अनुकूलन, ग्रीन इकोनॉमी, सतत आजीविका, पारंपरिक ज्ञान और तकनीकी नवाचार जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।






