रफ्तार का कहर सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की हुई दर्दनाक मौत..
आक्रोशित लोगों ने दो घंटे गुमला रांची मार्ग एनएच 23 को किया जाम।
भरनो/गुमला: भरनो थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची गुमला मुख्य मार्ग एनएच 23 जुरा गाँव ब्लैक स्पॉट में सुबह 7:30 बजे भीषण सड़क दुर्घटना में सिसई करकरी टंगराटोली निवासी क़ासिम अंसारी पिता स्व:सुभान अंसारी उम्र लगभग 55 वर्ष को रांची की ओर से आ रही ट्रेलर CG07CA5731 ने रौंद दिया जिससे कासिम अंसारी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक कासिम अंसारी(55) सिसई थाना क्षेत्र अंतर्गत करकरी गांव के सदर थे। अहले सुबह अपने व्यापारिक काम से भरनो थाना क्षेत्र आए हुए थे लौट के क्रम में अत्यधिक रफ्तार से आ रही ट्रेलर ने एनएच 23 राँची गुमला मार्ग जुरा गाँव में अपने चपेट में ले लिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलने पर घटनास्थल पर भरनो थाना पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर भरनो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आई। जैसे ही करकरी गांव में मृतक सदर कासिम अंसारी की मृत्यु की सूचना मिली गांव के सैकड़ो लोग एवं परिजन जुरा पहुंचकर मुआवजा की मांग को लेकर गुमला रांची मार्ग एनएच 23 को 2 घंटे जाम कर दिया. वही जाम होने से जुरा गांव घटनास्थल में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारे लग गई। दुर्घटना की सूचना मिलने पर अंचल अधिकारी अविनाश कुजूर, इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह, थाना प्रभारी कंचन प्रजापति,कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष आशीष नाथ शाहदेव, कांग्रेस उपाध्यक्ष अजहर अली,पंचायत समिति सदस्य जहांगीर आलम,सिसई विधायक प्रतिनिधि प्रकाश उरांव, झामुमो नेता उमर फारूख सिसई सदर हाजी सलमान अली सहित कई स्थानीय लोग पहुंचे। जनप्रतिनिधियों के समझाने बुझाने के उपरांत तीन सूत्री मांग पर सहमति बनी। जिसमें मृतक के परिजनों को सरकारी नौकरी और तत्काल वाहन मालिक के द्वारा 2 लाख का मुआवजा साथ में मृतक के परिजन को आवास की सुविधा उपलब्ध कराने की लिखित मांग पत्र अंचल अधिकारी अविनाश कुजूर को सौंपी गई। तत्काल अंतिम संस्कार करने के लिए परिजनों को अंचल अधिकारी भरनो अविनाश कुजूर के द्वारा 20 हज़ार की सहायता राशि दी गई। वहीं प्रशासन ने समझा बूझकर जाम को खुलवाया। शव पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल गुमला भेजा गया। मौके पर भरनो थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर मंटू चौधरी,एसआई विजय लकड़ा, एसआई अमोद कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रही।





