रांची, झारखंड – समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहीं Charitable Charms की संस्थापक और प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. ख्याति मुनजल ने हाल ही में झारखंड के महामहिम राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने अपनी प्रेरणादायक पुस्तक “Women Entrepreneurship in Jharkhand: Pathways to Success” भेंट की, जिसमें झारखंड की साहसी और सफल महिला उद्यमियों की सच्ची कहानियाँ संकलित हैं। इसके साथ ही डॉ. मुनजल और उनकी सहयोगी रुपम झा ने Charitable Charms द्वारा वंचित महिलाओं और बच्चों से बनवाए गए सुंदर हस्तनिर्मित हैंडबैग्स भी राज्यपाल को उपहारस्वरूप भेंट किए, जिन्हें देखकर राज्यपाल ने इस प्रयास की भूरी-भूरी सराहना की।
इस मुलाक़ात के दौरान उन्होंने महामहिम को आगामी 4 अक्टूबर को रांची के Odre House में आयोजित हो रहे अपने विशेष कार्यक्रम “Fashion for a Cause – 2” के लिए आमंत्रित किया, जिसमें वंचित बच्चे रैम्प वॉक कर समाज को यह संदेश देंगे कि सपने पूरे करने का हक सभी को है। डॉ. मुनजल ने कहा, “हर बच्चे को सपने देखने और उन्हें पूरा करने का हक है – हमारा काम उन्हें वो मंच देना है जहाँ वे खुद पर विश्वास करना सीखें।” वहीं रुपम झा ने कहा, “जब एक महिला अपने हाथों से कुछ बनाती है, तो उसमें आत्मसम्मान और उम्मीद की एक नई ऊर्जा समाहित होती है।”
वर्षों से समाज के पिछड़े वर्गों के कल्याण में जुटी Charitable Charms शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और मानसिक सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में प्रभावी कार्य कर रही है, और डॉ. मुनजल का यह प्रयास निश्चित ही सामाजिक बदलाव की एक सशक्त मिसाल बनता जा रहा है।






